प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ ने निकाली रैली, 'नशा मुक्त हो भारत' का दिया संदेश





भानु प्रताप सिंह

रविवार, 31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के मौके पर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 37 में अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा शाखा 'प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ' ने नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत रैली के साथ की गई। इस दौरान पूरे सेक्टर में रैली निकाली गई। 



रैली में बाल संस्कारशाला के बच्चों सहित 100 से अधिक बच्चे, बड़ी संख्या में सेक्टरवासी और गायत्री परिवार के कार्यकर्ता मौजूद रहे। रैली के माध्यम से सेक्टरवासियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। नशा मुक्ति नारे, स्लोगन और गीत के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का काम किया गया। साथ ही नशा के दुष्परिणाम और नशा छोड़ने के उपायों और सुझावों से संबंधित पत्रक भी बांटे। 



रैली के बाद सभी लोग सेक्टर 37 के ही गोलचक्कर पार्क में इकट्ठा हुए और दीपयज्ञ के माध्यम से सभी को नशे के खिलाफ आवाज़ उठाने और नशा न करने का संकल्प दिलाया। दीपयज्ञ में गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र की आहुति देकर लोगों, देश और विश्व कल्याण हेतु मंगल कामना की गई। साथ ही दीपोत्सव के माध्यम से बताया गया कि किस तरह से सनातन की परंपरा को आगे बढ़ाया जा सकता है। राष्ट्र को स्वस्थ और सशक्त बनाया जा सकता है। और एक संस्कारवान पीढ़ी का गठन किया जा सकता है। इस दौरान लोगों में काफी ज्यादा उत्साह देखने को मिला। 



इस दौरान गायत्री परिवार के परिजनों ने बाल संस्कारशाला के बच्चों को नोटबुक्स और ज्यामेट्री बॉक्स भी बांटे। व्यसन मुक्ति अभियान का यह कार्यक्रम प्रज्ञा विस्तार केंद्र, स्वर्णनगरी और गायत्री चेतना नोएडा के मार्गदर्शन और अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में सम्पन्न कराया गया। 

कार्यक्रम को सम्पन्न कराने में मुख्य रूप से 'प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ' के कोऑर्डिनेटर अक्षय जी, कमल जी, योगेंद्र जी, अभिनव जी, संवेदना जी, अशोक अत्री जी, गोविंद जी और भानु प्रताप सिंह की भूमिका रही। कार्यक्रम में सेक्टर निवासियों में प्रमुख रूप से RWA अध्यक्ष जय सिंह भाटी जी और अतुल आनंद जी का सहयोग रहा।

Comments