मुस्लिम मुक्त भारत बनाना चाहती है बीजेपी- ओवैसी



हैदराबाद: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM)के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी लगातार बीजेपी के खिलाफ हमले करते रहते हैं। इसी के चलते ओवैसी ने एक बार फिर बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। ओवैसी ने खुद को मुस्लिमों का हमदर्द बताते हुए बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के बयान पर निशाना साधा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव को भी घेरे में लिया। आपको बता दें कि हाल ही में आंध्र प्रदेश से अलग हुए राज्य तेलंगाना में पहली बार चुनाव हो रहे हैं। सभी पार्टियां अपनी-अपनी जीत के लिए जोर शोर से तैयारियां करने में जुटी हैं। इसी बीच तेलंगाना में एक रैली को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अमित शाह तेलंगाना आये और बोले कि हम हैदराबाद को मजलिस मुक्त करेंगे। कहाँ से हैदराबाद को मजलिस मुक्त करेंगे अमित शाह। अमित शाह हैदराबाद को मजलिस मुक्त नहीं बल्कि भारत को मुसलमान मुक्त बनाना चाहते हैं। ओवैसी ने अमित शाह पर मुसलमानों को डराने और गुमराह करने का भी आरोप लगाया है। रैली के दौरान ओवैसी ने कहा कि ऐसे बहुत से लोग आए और चले गये, जिन्होंने सीना तान कर कहा कि मैं ओवैसी को नही देखना चाहता। ओवैसी ने अमित शाह के साथ-साथ पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री राव ने भी कहा था कि मैं ओवैसी को नही देखना चाहता लेकिन ऐसा कभी नहीं हो पाया।

Comments