भारत के भविष्य का निर्धारण हिन्दू करेंगे, धर्मांतरित लोग नहीं : डॉ सुरेन्द्र जैन

 


 


भानु प्रताप सिंह

ग्रेटर नोएडा। विश्व हिंदू परिषद के 57वें स्थापना  दिवस और जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में संगठन देश के भिन्न भिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। 5 सितम्बर, रविवार को नोएडा सेक्टर 12 के भाऊराव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर में भी विहिप स्थापना दिवस का कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता  विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ सुरेन्द्र जैन ने संगठन की परिकल्पना, उद्देश्य और उपलब्धियों को लोगों के समक्ष रखा।

 

दिसंबर 2023 तक गर्भग्रह में विराजमान हो जाएंगे आराध्य श्रीराम

उन्होंने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद किसी समुदाय विशेष का नही बल्कि समूचे विश्व को एकता और समरसता की डोर में बांधने वाला संगठन है। रामराज्य की बात करते हुए कहा कि रामराज्य का अर्थ किसी धर्म विशेष के राज्य से नहीं है बल्कि रामराज्य का अर्थ है कि लव जिहाद, गौहत्या, आतंकवाद जैसे कुकृत्यों को बंद करना होगा। उन्होंने कहा संगठन ने 500 वर्षों से चल रहे अयोध्या राम मंदिर आंदोलन को आगे बढ़ाया और 37 वर्षों तक विहिप ने जन जागरण अभियान चलाकर आंदोलन को पूरा किया। भगवान श्रीराम ने जब तय किया कि राम मंदिर बनना चाहिए तब राम मंदिर बनना प्रारम्भ हुआ। डॉ जैन ने कहा कि दिसंबर 2023 तक हमारे आराध्य श्रीराम गर्भग्रह में विराजमान हो जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिस दिन भगवान कृष्ण, बाबा विश्वनाथ तय करेंगे उस दिन दुनिया की कोई ताकत मथुरा और काशी में मंदिर निर्माण रोक नही पाएगी। 

 

पश्चिम उत्तर प्रदेश की पहचान हस्तिनापुर और शुक्र तीर्थ है, देवबंद नहीं

डॉ सुरेन्द्र जैन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को असुरक्षित करार देते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हिंदुओं ने पलायन करना प्रारंभ कर दिया है ,यहां बहन-बेटियां सुरक्षित नही हैं पश्चिम उत्तर प्रदेश में हर घर से अफ़जल निकलेगा वाली कहावत चरितार्थ हो रही है लेकिन  अब पश्चिम उत्तर प्रदेश खड़ा हो गया है और यहां कोई मिनी पाकिस्तान बनाने का साहस नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि अब हिन्दू ईंट का जबाव पत्थर से देने लगा है जो जैसी भाषा समझता है उसे उसी भाषा में जबाव मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश की पहचान देवबंद नहीं, हस्तिनापुर और शुक्र तीर्थ है।

बजरंग दल वही कहता है जो कर सकता है

बता दें कि विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री ने गाय के ज़रिए हिन्दू धर्म की आस्था पर पहुचाने को लेकर कहा कि लोग हिन्दू धर्म का अपमान करने के लिए गौहत्या करते हैं। विश्व हिन्दू परिषद गाय को राष्ट्रीय प्राणी घोषित करने की मांग करता है। उन्होंने धर्मांतरण को मानवता के विरुद्ध बताया और धर्मांतरण के कारण देश के विभाजन होने की बात कही। और कहा कि धर्मांतरण के कारण ही 40 लाख हिंदुओं का कत्लेआम हुआ और लव जिहाद का अपराध भी धर्मांतरण के कारण ही होता है। उन्होंने कहा कि भारत के भविष्य का निर्धारण हिन्दू ही करेंगे। धर्मांतरित लोग हमारे देश के भविष्य का निर्धारण नही करेंगे। 

डॉ जैन ने कहा विश्व हिन्दू परिषद अपनी जिम्मेदारियों को बख़ूबी निभा  रहा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि जब ममता सरकार ने हिंदुओं पर अत्याचार किया तब भी विहिप और बजरंग दल हिंदुओं के साथ खड़ा था, और जब मेवात की बात आती है तो वहां भी विहिप हिंदुओं के साथ खड़ा है।  उन्होंने कहा कि भारत में तालिबान के समर्थकों की कमी नही है लेकिन  विश्व हिन्दू परिषद हिन्दू समाज को समरसता के साथ जोड़कर रखता है। बजरंग दल हर हाल में हिंदुओं के साथ खड़ा रहता है। बजरंग दल वही कहता है जो कर सकता है। 

37 वर्षों में 16 करोड़ राम भक्तों ने लिया भाग

उन्होंने कहा राम जन्मभूमि आंदोलन में 37 वर्षों में 16 करोड़ राम भक्तों ने भाग लिया और उससे भी  अधिक भक्तों ने समर्पण निधि अभियान में भागीदारी निभाई। कुछ ही दिनों में पूरा भारत भगवा रंग में रंगने वाला है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में क्रांति का आगाज हो चुका है पश्चिमी उत्तर प्रदेश बदलेगा तो पूरा भारत बदलेगा। 

 

बता दें कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में  उद्दोगपति नरेश गर्ग ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता टायर शॉपी के श्री सुनील जैन ने की। मौके पर विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत, जिला व प्रखंड स्तर के कार्यकर्ताओं सहित 1400 से अधिक लोग कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।  

 

 

Comments